नेपाल में बड़ा राजनीतिक एक्शन: पूर्व पीएम ओली और पूर्व गृह मंत्री गिरफ्तार
सत्ता में आते ही सख्त दिखे बालेन शाह

नेपाल,एजेंसी। नेपाल की राजनीति में उस समय भूचाल आ गया जब नई सरकार के गठन के तुरंत बाद पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रधानमंत्री पद संभालते ही बालेन शाह ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में यह बड़ा फैसला लिया, जिससे देशभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
सरकार की यह कार्रवाई हाल ही में हुए छात्र आंदोलन के दौरान हुई मौतों के मामले में की गई है। जांच आयोग की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि विरोध प्रदर्शन के दौरान निहत्थे छात्रों पर गोलीबारी की गई थी, जिसमें कई छात्रों की जान चली गई। इसी आधार पर सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व गृह मंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए गिरफ्तारी के आदेश जारी किए।
कैबिनेट के फैसले के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले केपी शर्मा ओली और फिर रमेश लेखक को हिरासत में ले लिया। इस कदम को बालेन शाह सरकार के सख्त रुख और जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
जांच रिपोर्ट में पुलिस, सशस्त्र बल और सेना के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि सरकार ने फिलहाल उनके खिलाफ सीधी कार्रवाई नहीं की है, बल्कि इस संबंध में अलग जांच समिति गठित करने का निर्णय लिया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद नेपाल की सियासत गरमा गई है और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। आने वाले समय में इस मामले के और भी बड़े राजनीतिक प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।







