बलूचिस्तान में BLA का बड़ा हमला:30 से अधिक जवानों के मारे जाने का दावा
कोस्ट गार्ड कैंप में विस्फोटकों से भरा ट्रक घुसाया

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ग्वादर के जिवानी इलाके में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक कैंप पर बड़े हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन का दावा है कि इस आत्मघाती हमले में 30 से अधिक पाकिस्तानी जवान मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप में घुसाया
BLA के बयान के मुताबिक, शुक्रवार शाम उसके मजीद ब्रिगेड के एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे ट्रक को जिवानी स्थित पनवान कोस्ट गार्ड बेस में घुसाकर जोरदार विस्फोट किया। संगठन ने इस हमले को एक सुनियोजित फिदायीन ऑपरेशन बताया है।
धमाके में कैंप को भारी नुकसान
BLA के प्रवक्ता जियांद बलूच के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कोस्ट गार्ड का कैंप पूरी तरह तबाह हो गया। संगठन का कहना है कि धमाके के तुरंत बाद उसकी फतेह स्क्वाड यूनिट ने चारों दिशाओं से कैंप पर धावा बोल दिया और सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचाया।
वीडियो जारी कर किया दावा
BLA के मीडिया विंग ‘हक्काल’ ने हमले का कथित वीडियो भी जारी किया है। वीडियो में विस्फोटकों से लदा ट्रक कैंप के अंदर जाता दिखाई देता है, जिसके कुछ ही क्षण बाद भीषण धमाका होता है। एक अन्य वीडियो में कैंप का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील नजर आता है। इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
मृतकों की संख्या बढ़ने का दावा
BLA का दावा है कि इस हमले में 30 से अधिक पाकिस्तानी जवान मारे गए हैं और कई घायल गंभीर हालत में हैं। संगठन का कहना है कि मलबे में दबे लोगों के कारण मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। उसने जल्द ही पूरे ऑपरेशन का विस्तृत ब्यौरा जारी करने की बात भी कही है। फिलहाल पाकिस्तान सरकार या सुरक्षा एजेंसियों की ओर से हमले में हुए नुकसान और हताहतों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।







