
एजेंसी। पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक में अफगानिस्तान के 3 क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत हो गई है, इसलिए अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के साथ खेलने से इनकार कर दिया है. नवंबर में होने वाली टी-20 सीरीज रद्द कर दी है. बता दें कि कतर में संभावित शांति वार्ता के बावजूद शुक्रवार रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हमला कर दिया. पाकिस्तान की सेना ने दक्षिण-पूर्वी पक्तिका प्रांत के अरगुन और बारमाल जिलों में हवाई हमले करके तबाही मचाई.
मैच खेलकर लौट रहे थे खिलाड़ी
हमले में 3 क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हुए हैं. यह खिलाड़ी पक्तिका के शराना में मैच समाप्त करके अरगुन लौट रहे थे कि पाकिस्तान के हवाई हमले का निशाना बन गए. यह हमला उस समय हुआ, जब कतर की मध्यस्थता में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष विराम और शांति वार्ता की प्रक्रिया जारी थी, लेकिन एक ओर पाकिस्तान ने युद्धविराम का ऐलान किया, दूसरी ओर अफगानिस्तान पर हवाई हमला कर दिया।
क्रिकेट बोर्ड ने कैंसिल की सीरीज
पाकिस्तानी सेना के हमले के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) का बयान आया, जिसमें हवाई हमले में अफगान क्रिकेटरों की मौत होने की पुष्टि की गई. साथ ही बोर्ड ने अगले महीने नवंबर में होने वाली पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ 3 देशों की T-20 क्रिकेट सीरीज से अपना नाम वापस लेने की औपचारिक घोषणा भी कर दी है. बोर्ड ने कहा है कि अफगान नागरिकों की शहादत के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में पाकिस्तान के साथ मिलकर खेलना नैतिक रूप से असंभव है।







