
मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,14 IPS अधिकारियों के तबादले, संजय कुमार बने भोपाल के नए पुलिस आयुक्त
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए 14 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। राज्य सरकार द्वारा जारी तबादला आदेशों में राजधानी भोपाल से जुड़ा अहम बदलाव भी शामिल है, जिसे कानून-व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भोपाल के मौजूदा पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र को उनके अनुभव को देखते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें IG, स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (SCRB) नियुक्त किया गया है, जहां वे अब राज्य स्तर पर अपराध से जुड़े आंकड़ों और रिकॉर्ड प्रणाली को और मजबूत करने का कार्य संभालेंगे।
.jpeg)
वहीं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय कुमार को भोपाल का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। संजय कुमार को फील्ड और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर लंबे अनुभव के लिए जाना जाता है। उनके कार्यभार संभालने से राजधानी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था में और मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है।
सरकार के अनुसार सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। प्रशासनिक गलियारों में इस फेरबदल को नियमित प्रक्रिया के साथ-साथ पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।







