भोपाल

हत्या के मुख्य गवाह राजा ने पुलिस पूछताछ के दौरान खुद का गला काटा  -टीआई पर लगाए हमला कर गला काटने का आरोप, हत्या का फरार आरोपी वसीम भी हुआ गिरफ्तार

हत्या के मुख्य गवाह राजा ने पुलिस पूछताछ के दौरान खुद का गला काटा
-टीआई पर लगाए हमला कर गला काटने का आरोप, हत्या का फरार आरोपी वसीम भी हुआ गिरफ्तार
भोपाल यशभारत।
राजधानी के पुराने शहर में पिछले दिनों हुए सनसनीखेज अमित वर्मा हत्याकांड मामले में फरार चल रहे वसीम शुजालपुरिया को पुलिस ने कल गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कल अमित वर्मा हत्याकांड के वास्तविक कारणों को जानने के लिए आरोपी वसीम और राजा खटीक का सामना कराया था। इसके बाद हत्या कांड का मुख्य गवाह राजा खटीक ने पुलिस पूछताछ के दौरान ब्लेड से खुद का गला काट लिया। घटना के बाद घायल राजा खटीक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजा ने दावा किया है कि पूछताछ के लिए थाने बुलाकर टीआई ने ब्लेड से उस पर हमला किया है। वहीं दूसरी ओर, पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि राजा खटीक ने जांच से बचने के लिए खुद को ब्लेड मारकर घायल किया। उसे गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक छोला मंदिर थाना क्षेत्र लीलाधर कॉलोनी में 29 जून को बदमाश नसीम पुत्र बन्ने खां ने राजा खटीक पर पिस्टल से फायरिंग की थी। इस फायरिंग में राजा का दोस्त खटीक मोहल्ला निवास अमित वर्मा की सिर व कमर के पास गोली लगने से मौत हो गई थी। इस हत्याकांड की जांच में सामने आया था कि चर्चित हवाला लूटकांड के पैसों को लेकर हुए विवाद में अमित की हत्या हुई है। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी नसीम पुत्र बन्ने खां और उसके सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि नसीम का साथी वसीम शुजालपुरिया फरार चल रहा था। जिसे पुलिस ने कल दोराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी वसीम से आमना-सामना होने के बाद गला काटा-
पुलिस ने बताया कि अमित वर्मा हत्याकांड की जांच के दौरान हवाला लूट का मामला सामने आया था। जिसमें पुलिस को राजा खटीक के खिलाफ अहम सुराग मिले थे। कल आरोपी वसीम की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उसका और राजा खटीक का आमना सामना कराया तो वह घबरा गया। वह अमित वर्मा की हत्या के मामले में मुख्य गवाह भी है। पुलिस उसे दो-तीन दिनों से पूछताछ के लिए बुला रही थी, लेकिन वह पूछताछ में पुलिस का सहयोग नहीं कर रहा था। वसीम से सामना होने के बाद उसने पूछताछ के दौरा ब्लेड से खुद का गला काट लिया। घायल अवस्था में राजा खटीक को भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकेसाथियों और परिजनों की भीड़ जमा होने से तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
थाना प्रभारी बोले आरोपी झूठे-
छोला मंदिर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र नागर की माने तो राजा खटीक से भानुपर के पास गोलवर में पूछताछ की जा रही थी। तभी वह पुलिस से बचने के लिए भागा और जमीन पर पड़ी कांच की बोतल को फोडक़र खुद का गला काट लिया। राजा ने खुद को नुकसान पहुंचाया ताकि जांच को प्रभावित किया जा सके। फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है, और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
अमित हत्याकांड में मुख्य गवाह है राजा खटीक-
राजा खटीक अमित वर्मा की हत्या के मामले में मुख्य गवाह है। अमित वर्मा की हत्या आरोप नसीम पुत्र बन्ने खां ने की थी। जिसे पुलिस ने नागपुर भागते हुए बैतूल के पास से गिरफ्तार किया था। इस हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी वसीम शुजालपुरिया को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वसीम से आमना-सामना होने के बाद राजा खटीक ने पूछताछ के दौरान खुद को घायल कर लिया था।
जितेन्द्र सिंह पवार, पुलिस उपायुक्त जोन-4 भोपाल शहर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button