20 लाख की हाई-प्रोफाइल शराब तस्करी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

20 लाख की हाई-प्रोफाइल शराब तस्करी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
भानपुर की पीएम आवास मल्टी में छिपा था फरार आरोपी राहुल, क्राइम ब्रांच के तकनीकी इनपुट पर आबकारी ने दी दबिश
भोपाल,यशभारत। राजधानी में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस क्राइम ब्रांच के तकनीकी सहयोग से विभाग ने पिछले दो महीनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से नवंबर माह में करीब 20 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की ब्रांडेड विदेशी शराब जब्त की गई थी।
तकनीकी सुराग से खुला ठिकाना
नियंत्रण कक्ष प्रभारी रामगोपाल भदौरिया ने बताया कि लंबे समय से राहुल यादव की तलाश कर रही थी। पुलिस को मोबाइल लोकेशन और तकनीकी डेटा के आधार पर पता चला कि आरोपी भानपुर क्षेत्र स्थित प्रधानमंत्री आवास की मल्टी में छिपा है, जिसके बाद सटीक घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
बीती 21 नवंबर 2025 को आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हाई-ब्रांड विदेशी मदिरा की 97 पेटियाँ जब्त की थीं। इसमें ब्लैक लेबल, ग्लेन लिविट, एब्सोल्यूट वोदका, ग्रे गूस, जेम्सन और जेगरमास्टर जैसे महंगे ब्रांड शामिल थे। उस समय मौके से गायत्री यादव नामक महिला को गिरफ्तार किया गया था, जबकि राहुल यादव भागने में सफल रहा था।
इस विशेष अभियान के दौरान टीम ने एक और सफलता हासिल की। कमला नगर थाना क्षेत्र के पुराने शराब तस्करी मामले में फरार आरोपी लाल सिंह पटेल को भी गिरफ्तार किया गया है।







