मध्यप्रदेश को मिलेगी विश्वमंच पर पहचान – पर्यटन मंत्री

मध्यप्रदेश को मिलेगी विश्वमंच पर पहचान – पर्यटन मंत्री
– 11 से 13 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा ट्रैवल मार्ट
– देशों के 80 से अधिक विदेशी टूर संचालक होंगे शामिल
भोपाल यशभारत। मध्यप्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। इन्हीं प्रयासों के तहत पर्यटन का महाकुंभ आयोजित किया जा रहा है। विश्वमंच पर प्रदेश की पहचान बनाने के लिए ही राजधानी भोपाल में 11 से 13 अक्टूबर तक ट्रैवल मार्ट का आयोजन किया जा रहा है। यह बात पर्यटन एवं संस्कृति, धार्मिक न्यास धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही है। तीन दिनों तक होने वाले ट्रैवल मार्ट की जानकारी उन्होंने दी है। पर्यटन मंत्री के मुताबिक महोत्सव में 27 देशों के 80 से अधिक विदेशी टूर संचालक, 150 देश के टूर संचालक, 355 विक्रेता, फिल्म जगत से जुड़े प्रतिनिधि सहित कुल 700 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे
पर्यटन मंत्री ने बताया कि यह आयोजन राज्य के होटल संचालकों, यात्रा एजेंसियों, होमस्टे और पर्यटन हितधारकों को देश-विदेश के निवेशकों और खरीदारों से जोडऩे का अवसर देगा। इससे प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस आयोजन के दौरान तीन हजार से अधिक व्यावसायिक बैठकें होंगी। पर्यटन और फिल्म उद्योग से जुड़े सम्मेलन और चर्चा सत्रों में विभिन्न राज्यों के अधिकारी, उद्योगपति और फिल्म जगत के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
120 से अधिक लगेंगे स्टॉल, कला का होगा प्रदर्शन
अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि आयोजन में प्रदेश के समृद्ध पर्यटन उत्पादों धरोहर, वन्यजीवन, ग्रामीण संस्कृति, हस्तशिल्प, खानपान और फिल्म पर्यटन को प्रदर्शित किया जाएगा। 120 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें गोंड कला, चंदेरी साड़ी और प्रदेश के हस्तशिल्प का प्रदर्शन होगा। साथ ही नई परियोजनाओं और फिल्म नीति से जुड़े समझौते भी होंगे।
सांस्कृतिक रंगों से सजेगा मंच
आयोजन में मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत पर आधारित समूह नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। मैहर बैंड की विशेष प्रस्तुति, लोकनृत्य, जनजातीय नृत्य और पारंपरिक व्यंजन भी दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
मुख्यमंत्री करेंगे निवेशकों से चर्चा
मुख्यमंत्री यादव निवेशकों के साथ व्यक्तिगत चर्चा करेंगे। दो प्रमुख सत्र विशेष आकर्षण रहेंगे।
– मध्यप्रदेश छिपे रत्न से वैश्विक पहचान तक जिसमें धरोहर, वन्यजीवन और उत्सवों पर चर्चा होगी, और
– फिल्म क्षेत्र का भविष्य परदे से प्रगति तक जो फिल्म निर्माण और पर्यटन संभावनाओं पर केंद्रित रहेगा।
फिल्म और पर्यटन जगत की हस्तियां शामिल होंगी
कार्यक्रम में पर्यटन और फिल्म उद्योग की कई प्रसिद्ध हस्तियां शामिल होंगी, जिनमें डॉ. ज्योत्सना सूरी, परवीन चंदर, राजीव मेहरा, वेद खन्ना, मनीष पुरी, गजराज राव, रघुवीर यादव, एकता कपूर और सुनीता रजवार जैसे नाम प्रमुख हैं।







