मध्यप्रदेश बनेगा उद्योग निवेश का नया गंतव्य ,टोपान स्पेशलिटी फिल्म्स करेगी 950 करोड़ रुपये का निवेश,
पीथमपुर में स्थापित होगा नया प्लांट

मध्यप्रदेश बनेगा उद्योग निवेश का नया गंतव्य ,टोपान स्पेशलिटी फिल्म्स करेगी 950 करोड़ रुपये का निवेश,
पीथमपुर में स्थापित होगा नया प्लांट
भोपाल, 12 नवम्बर 2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती निवेश के लिए अनुकूल है और प्रदेश सरकार हर निवेशक का हार्दिक स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को राज्य की नीतियों का पूरा लाभ मिलेगा और उद्योग स्थापना में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से समत्व भवन में टोपान स्पेशलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (जापानी समूह द्वारा अधिग्रहित) के भारतीय और जापानी पदाधिकारियों ने भेंट की। कंपनी ने धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-7 में 950 करोड़ रुपये के निवेश से बीओपीपी और सीपीटी फिल्म निर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निवेश मध्यप्रदेश को औद्योगिक विकास की दिशा में नई गति देगा और प्रदेश को विदेशी निवेश का प्रमुख केंद्र बनाएगा। उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार सभी आवश्यक अनुमतियां और सहयोग समय पर प्रदान करेगी।
टोपान स्पेशलिटी फिल्म्स समूह के पदाधिकारियों ने बताया कि यह उनका मध्यप्रदेश में पहला निवेश होगा और वे राज्य की निवेश प्रोत्साहन योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के इच्छुक हैं। कंपनी का मुख्यालय जापान और पंजाब में है तथा इसका वैश्विक टर्नओवर लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपये (14 बिलियन अमेरिकी डॉलर) है।
कंपनी पैकेजिंग फिल्म, लेबल फिल्म और ग्राफिक लेमिनेशन फिल्म के निर्माण में विशेषज्ञ है। वर्तमान में इसका भारत में एकमात्र विनिर्माण केंद्र पंजाब में स्थित है। मध्यप्रदेश में प्रस्तावित इकाई के लिए 14 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है और कंपनी के प्रतिनिधि इसका प्रारंभिक सर्वेक्षण कर चुके हैं।
बैठक में प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह, कम्पनी के सीएफओ एवं होल टाइम डायरेक्टर अमित जैन, मैनेजिंग एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर हिरोशी सुजुकी, कमर्शियल हेड रितेश तिरखा, जनरल मैनेजर तासुकु सेना, तोमोहिरो कोमा और टेक्निकल एडवाइजर तोशीयुकी माकी उपस्थित थे।







