नर्सिंग परीक्षा परिणाम जारी, विद्यार्थियों को मिली बड़ी राहत , उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात कर विद्यार्थियों और कॉलेज एसोसिएशन ने जताया आभार

नर्सिंग परीक्षा परिणाम जारी, विद्यार्थियों को मिली बड़ी राहत
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात कर विद्यार्थियों और कॉलेज एसोसिएशन ने जताया आभार
भोपाल यश भारत। लंबे समय से लंबित नर्सिंग परीक्षा परिणाम घोषित होने से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को राहत मिली है। परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों के उच्च कक्षाओं में प्रवेश आगे की पढ़ाई और करियर से जुड़ी बाधाएं दूर होने की उम्मीद है। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों और प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने रीवा में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।

विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा परिणाम लंबित होने के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रिया में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने छात्र हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने न्यायालय के समक्ष विद्यार्थियों का पक्ष मजबूती से रखा और न्यायालय के आदेश के परिपालन में परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं।

सरकार विद्यार्थियों के हित और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यार्थियों ने कहा कि लंबे समय से परिणाम का इंतजार करने के कारण उनकी उच्च कक्षाओं में प्रवेश और करियर की योजनाएं प्रभावित हो रही थीं। परिणाम जारी होने से अब उन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिल सकेगा।
इस दौरान प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के सदस्य विनय शुक्ला डॉ. सुमन सिंह परिहार डॉ. जी.एल. पटेल सहित अन्य कॉलेज संचालक और विद्यार्थी मौजूद रहे।







