जबलपुरमध्य प्रदेश

लोकायुक्त का बिजली विभाग पर शिकंजा, डीजी लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर जबलपुर में ट्रैप—जेई और कंप्यूटर ऑपरेटर 7 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जबलपुर। प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लोकायुक्त संगठन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर लोकायुक्त इकाई ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए मप्र पूर्व क्षेत्रीय विद्युत वितरण कंपनी के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के स्पष्ट निर्देश पर की गई, जिनके तहत शिकायत पर तुरंत सत्यापन और ट्रैप की प्रक्रिया अमल में लाई गई।

 शिकायतकर्ता ने खोला भ्रष्टाचार का जाल

नर्मदा नगर, गोहलपुर निवासी गौरीशंकर यादव (45) ने लोकायुक्त को की गई शिकायत में बताया कि उसने अपनी पत्नी श्रीमती सुमित्रा यादव के नाम नए मकान में बिजली मीटर लगवाने हेतु ऑनलाइन आवेदन कर शुल्क अदा कर दिया था। इसके बावजूद उखरी रोड स्थित बिजली कार्यालय के कर्मचारियों ने उससे अनैतिक राशि की मांग करनी शुरू कर दी।

आरोपी कर्मचारी—मीटर लगाने के नाम पर 8 हजार की मांग

लोकायुक्त की कार्रवाई में जिन दो कर्मचारियों को पकड़ा गया, वे हैं—

1. बरुण कुमार दरबे, जूनियर इंजीनियर

2. विनोद कोरी, कंप्यूटर ऑपरेटर

दोनों ने फाइल आगे बढ़ाने और कनेक्शन जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से ₹8,000 की मांग की, और बाद में ₹7,000 में सौदा तय किया।

सत्यापन में मिली पुष्टि, फिर बिछाया गया ट्रैप

शिकायत मिलने पर एसपी लोकायुक्त जबलपुर ने तत्काल निरीक्षक उमा कुशवाह को सत्यापन हेतु निर्देशित किया।
सत्यापन के दौरान आरोप पूरी तरह सही पाए गए। आरोपियों ने रिश्वत न केवल मांगी, बल्कि राशि लेने की सहमति भी जताई।

इसके बाद ट्रैप की पूरी योजना तैयार की गई और आज 13 नवंबर 2025 को बिजली कार्यालय में जैसे ही शिकायतकर्ता ने ₹7000 रिश्वत राशि आरोपी विनोद कोरी को सौंपी, लोकायुक्त टीम ने तुरंत दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

मौके से बरामद रिश्वत, कार्रवाही जारी

घटना मप्र पूर्व क्षेत्रीय विद्युत वितरण कंपनी, उखरी रोड कार्यालय में हुई।
रिश्वत की राशि विनोद कोरी के कब्जे से बरामद की गई है।

आरोपियों के विरुद्ध लोकायुक्त द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

ट्रैप टीम

ट्रैपकर्ता अधिकारी: निरीक्षक उमा कुशवाह

टीम सदस्य: निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक शशिकला मस्कुले एवं अन्य ट्रैप दल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button