राजभवन की दीवार के सामने नाले पर रख दी कलारी, भारी विरोध के बाद ठेकेदार ने बंद किया ताला

राजभवन की दीवार के सामने नाले पर रख दी कलारी, भारी विरोध के बाद ठेकेदार ने बंद किया ताला
प्रोफेसर कॉलोनी से शिफ्ट कर रविंद्र भवन के पास शुक्रवार सुबह ही खोली गई थी दुकान; महिलाएं धरने पर बैठीं, कांग्रेस ने संभाला मोर्चा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉलीटेक्निक चौराहे के पास प्रोफेसर कॉलोनी में संचालित हो रही शराब दुकान को हटाने के लिए लंबे समय से चल रहा विवाद एक बार फिर उग्र हो गया है। प्रशासन द्वारा शुक्रवार सुबह इस दुकान को करीब 300 मीटर दूर रविंद्र भवन के पास नाले किनारे शिफ्ट तो कर दिया गया, लेकिन नई जगह को लेकर स्थानीय रहवासियों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश भड़क गया है। दुकान शिफ्ट होने की भनक लगते ही महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग और कांग्रेसी नेता मौके पर पहुंच गए और तीखा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बढ़ते विवाद को देख फिलहाल ठेकेदार ने दुकान का ताला बंद कर दिया है।
सीमेंट के स्लैब पर रातों-रात तान दिया टीनशेड
बता दें कि प्रोफेसर कॉलोनी में कलारी को लेकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हो चुके थे, जिसके बाद शुक्रवार सुबह ही इसे रविंद्र भवन के पास नाले किनारे शिफ्ट किया गया। इस नाले के ऊपर बने सीमेंट कंक्रीट के स्लैब पर रातों-रात टीनशेड नुमा ढांचा खड़ा कर शराब की बिक्री भी शुरू कर दी गई थी। जैसे ही क्षेत्र के लोगों को इसकी जानकारी मिली, वे सड़क पर उतर आए।
वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा पर उठाए सवाल
शराब दुकान के विरोध में नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी और वार्ड-24 के कांग्रेस अध्यक्ष शोएब खान कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान के स्थान चयन पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि दुकान के ठीक सामने राजभवन की सुरक्षा दीवार है। पास ही मुख्य सड़क है, जहां से मुख्यमंत्री, मंत्रियों समेत तमाम वीआईपी का लगातार आना-जाना लगा रहता है। इसके अलावा बिल्कुल नजदीक ही रविंद्र भवन, संस्कृति परिषद, जनसंपर्क संचालनालय और रोशनपुरा बस्ती जैसी घनी आबादी है। ऐसे अति-संवेदनशील और गरिमामय क्षेत्र में शराब दुकान का संचालन किसी भी लिहाज से उचित नहीं है।
सुरक्षा को लेकर महिलाओं का फूटा गुस्सा
दुकान के सामने ही धरने पर बैठी स्थानीय महिलाओं ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। महिलाओं का कहना था कि वे घरेलू कामकाज और रोजमर्रा के कार्यों के लिए प्रोफेसर कॉलोनी और आसपास के वीआईपी क्षेत्र में इसी रास्ते से आती-जाती हैं। मुख्य सड़क और नाले के पास कलारी खुलने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, जिससे क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी और आपराधिक घटनाएं बढ़ने की पूरी आशंका है।
पुलिस की समझाइश बेअसर, फिलहाल बंद हुई दुकान
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और महिलाओं को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोग दुकान को वहां से पूरी तरह हटाने की मांग पर अड़े रहे। जनता के कड़े रुख और माहौल को बिगड़ता देख आबकारी अमले की दखल से पहले ही शराब ठेकेदार ने फिलहाल कलारी का शटर गिराकर उस पर ताला जड़ दिया है। हालांकि, रहवासियों का साफ कहना है कि जब तक इसे यहां से पूरी तरह नहीं हटाया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।







