देशभर के यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे का बड़ा कदम
स्टेशनों पर होगा फायर सेफ्टी ऑडिट

मुंबई, यशभारत। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारतीय रेल ने देशभर के रेलवे स्टेशनों पर व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य रेलवे परिसरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा कर उन्हें और अधिक मजबूत बनाना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रेल मंत्रालय के अनुसार, ऑडिट के दौरान स्टेशन भवनों, विद्युत प्रणालियों, एयर कंडीशनिंग एवं वेंटिलेशन सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्गों, अग्निशमन उपकरणों, जल आपूर्ति व्यवस्था, पंपिंग सिस्टम तथा स्प्रिंकलर सिस्टम सहित सभी प्रमुख सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके माध्यम से यह परखा जाएगा कि रेलवे स्टेशन आग जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए कितने तैयार हैं।
ऑडिट में अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा होगी। जहां कहीं भी कमियां पाई जाएंगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों का गठन किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ एजेंसियों और राज्य अग्निशमन विभागों का सहयोग भी लिया जाएगा।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षा मानकों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। फायर सेफ्टी ऑडिट इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम माना जा रहा है।







