शराबी पति ने कुल्हाड़ी से वारकर की पत्नी की निर्मम हत्या : चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया ,सैलून संचालक आरोपी मनोहर सेन वारदात के बाद फरार

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गेंहूरास चौराहा के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शराब के आदी एक सनकी पति ने घर में सो रही अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस खूनी खेल के बाद मृतका अपने पीछे चार मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और शोक का माहौल व्याप्त है।
सोते समय कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार गेंहूरास चौराहा निवासी आरोपी मनोहर सेन (45), जो पेशे से सैलून की दुकान चलाता है, अत्यधिक शराब पीने का आदी है। शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 12 बजे जब उसकी पत्नी रश्मि सेन (40) घर में गहरी नींद में सो रही थी, तभी आरोपी का पत्नी से किसी बात पर घरेलू विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी मनोहर ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सो रही रश्मि पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अत्यधिक चोट आने के कारण रश्मि की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
बच्चों के शोर मचाने पर पहुंचे पड़ोसी, आरोपी फरार
आधी रात को घर के भीतर मां पर हुए इस जानलेवा हमले को देख बच्चों ने चीख-पुकार मचानी शुरू कर दी। बच्चों का शोर सुनकर जब तक आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी मनोहर सेन अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से रफूचक्कर हो चुका था। पड़ोसियों ने तत्काल इस खौफनाक मंजर की सूचना जैसीनगर थाना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही जैसीनगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस तुरंत लहूलुहान महिला को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी, जैसीनगर ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि घरेलू विवाद के चलते पति द्वारा पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर फरार आरोपी पति की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







