आकाशीय बिजली का कहर : वॉच टॉवर पर गिरी बिजली, तीन की मौत, महिला समेत चार ने गंवाई जान, छह घायल
दो युवकों की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

आकाशीय बिजली का कहर : वॉच टॉवर पर गिरी बिजली, तीन की मौत, महिला समेत चार ने गंवाई जान, छह घायल
बालाघाट | जिले में शुक्रवार को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी, बारिश व गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बैहर एवं गढ़ी क्षेत्र में दर्दनाक हादसे हो गए। बैहर थाना क्षेत्र के भमोड़ी वन विभाग कैंप स्थित वॉच टॉवर पर बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। वहीं गढ़ी थाना क्षेत्र के कोमो गांव में खेत में काम कर रही एक महिला की भी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। एक ही दिन में हुई इन घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया।
बारिश से बचने वॉच टॉवर में रुके थे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार बैहर थाना क्षेत्र के बिरवा हवाई पट्टी के समीप स्थित भमोड़ी वन विभाग कैंप के पास ग्रामीण अपने-अपने कार्य से गए हुए थे। बिरवा निवासी सतीश बल्के (19) और लक्की मेरावी (18) अपनी बहनों के साथ तालाब की ओर गए थे। वहीं भमोड़ी निवासी झामसिंह ताराम (34) एवं गुचरी ताराम (50) जंगल में लकड़ी काटने गए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए करीब नौ लोग वन विभाग के वॉच टॉवर में शरण लेने पहुंच गए।
बताया जाता है कि सतीश और लक्की टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से में खड़े थे। तभी टॉवर से सटे साल के पेड़ पर जोरदार आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में पूरा टॉवर आ गया। तेज धमाके के साथ बिजली गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
दो युवकों की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे में सबसे ऊपर मौजूद सतीश बल्के और लक्की मेरावी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल झामसिंह ताराम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
छह लोग घायल, दो की हालत गंभीर
इस हादसे में शालिनी बल्के (13), देवसिंह ताराम (50), महेश टेकाम (35), देवलाल टेकाम (50), रायसिंह (52) तथा कौशल्या मरावी (70) घायल हुए। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज बैहर अस्पताल में जारी है।
गढ़ी क्षेत्र में महिला की भी मौत
इसी दिन गढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खुशीपार के कोमो गांव में चंद्रवती पति कैलाश परसाम (39) खेत में काम कर रही थीं। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बैहर के बहनी गांव में एक मकान पर बिजली गिरने से दो लोग घायल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बैहर थाना प्रभारी जयंत मरस्कोले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डायल-100 एवं एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गरज-चमक और बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़ों, वॉच टॉवर, बिजली के खंभों तथा ऊंचे स्थानों पर खड़े होने से बचें। मौसम खराब होने पर सुरक्षित भवन में ही शरण लें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।
एक दिन में चार मौतों से जिले में शोक
बैहर और गढ़ी क्षेत्र में आकाशीय बिजली से हुई इन घटनाओं में चार लोगों की मौत तथा कई लोग घायल होने से पूरे जिले में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं घायलों के बेहतर उपचार की मांग प्रशासन से की है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच के साथ राहत एवं सहायता की कार्रवाई जारी है।







