भोपाल रेलवे स्टेशन पर खुली दावो की पोस: तेज बारिश से छत बनी झरना, यात्री हुए परेशान

भोपाल रेलवे स्टेशन पर खुली दावो की पोस: तेज बारिश से छत बनी झरना, यात्री हुए परेशान
भोपाल, यशभारत। राजधानी में हुई तेज बारिश ने जहां एक ओर मौसम का मिजाज बदल दिया, वहीं दूसरी ओर रेलवे प्रशासन के मुस्तैदी के दावों की भी पोल खोलकर रख दी है। भोपाल रेलवे स्टेशन पर उस समय बदहाली का नजारा देखने को मिला, जब मुख्य प्लेटफॉर्म की छत से पानी किसी झरने की तरह तेज धार में नीचे गिरने लगा। इस अचानक हुई जलभराव की स्थिति से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने इस पूरी अव्यवस्था का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि प्लेटफॉर्म की शेड से पानी इतनी तेज धार में बह रहा है, मानो कोई प्राकृतिक झरना चल रहा हो। स्टेशन जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह पानी का गिरना किसी बड़े हादसे को भी आमंत्रण दे सकता था।
बचते-बचाते निकले यात्री, व्यवस्थाओं पर खड़े हुए सवाल
छत से लगातार हो रही पानी की इस बौछार के कारण पूरा प्लेटफॉर्म जलमग्न हो गया। अपने सामान के साथ पहुंचे यात्री इस पानी और गंदगी से बचते-बचाते रास्ता तय करते नजर आए। कई यात्रियों का कीमती सामान भी इस लीकेज की वजह से भीग गया। ए-ग्रेड स्टेशन के दावों के बीच, बारिश में ड्रेनेज और शेड मेंटेनेंस का इस तरह फेल हो जाना रेलवे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।







