जबलपुरमध्य प्रदेश

श्रम आयुक्त संदीप जीआर ने परखी श्रमिक कल्याण योजनाओं की जमीनी हकीकत

श्रमिकों के पंजीयन और हितलाभ वितरण को सरल बनाने के निर्देश

जबलपुर, यशभारत। मध्य प्रदेश के श्रम आयुक्त संदीप जीआर सोमवार को जबलपुर पहुंचे और शहर के लेबर चौक एवं श्रमिक एकत्रीकरण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने काम की तलाश में आने वाले दिहाड़ी मजदूरों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शासन की योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान श्रम आयुक्त ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, संबल योजना, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीयन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा श्रमिकों के बच्चों के लिए संचालित श्रमोदय विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने यह भी जाना कि श्रमिकों के संबल कार्ड समय पर बन रहे हैं या नहीं तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल पा रहा है या नहीं।

संदीप जीआर ने कहा कि बड़ी संख्या में मजदूर रोजाना काम की तलाश में लेबर चौक सहित अन्य स्थानों पर पहुंचते हैं, जिन्हें ठेकेदार विभिन्न कार्यस्थलों पर लेकर जाते हैं। ऐसे श्रमिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ना और उनकी मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के लिए पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि मजदूरों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी समय पर प्राप्त हो।

श्रम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों के पंजीयन और हितलाभ वितरण की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक मजदूर शासन की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button