देश

छापे में इंजीनियर के पास मिला ‘कुबेर का खजाना’,कार्यपालन अभियंता के छह ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी

आय से अधिक संपत्ति मामले में

सासाराम। बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में लघु सिंचाई प्रमंडल, सासाराम के कार्यपालन अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में उनके पास लगभग 1.20 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने का दावा किया गया है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 85 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।

ईओयू के अनुसार, बुधवार सुबह पटना, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन, मुजफ्फरपुर और बांका जिले में स्थित छह परिसरों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया। छापेमारी में पटना के दानापुर स्थित दो फ्लैट, मुजफ्फरपुर स्थित ससुराल, सासाराम स्थित कार्यालय, डेहरी-ऑन-सोन का सरकारी आवास तथा बांका जिले के पैतृक घर को शामिल किया गया।

तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, कीमती घड़ियां, चांदी के बर्तन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बरामद सामग्री का वास्तविक मूल्यांकन तलाशी पूरी होने और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

ईओयू अधिकारियों ने बताया कि सभी दस्तावेजों और जब्त की गई संपत्तियों का बारीकी से परीक्षण किया जाएगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक कार्यपालन अभियंता अरविंद कुमार चौधरी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button