कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को सागर में कहा- मध्य प्रदेश में हमारी सरकार बनती है तो हम यहां जातीय जनगणना कराएंगे। इससे मालूम चलेगा कि राज्य में किस तबके के कितने लोग गरीब और पिछड़े हैं। यह भी सामने आएगा कि यहां कितने भूमिहीन लोग हैं। भाजपा ने हमारे हमारे विधायक चुराकर मध्य प्रदेश में सरकार बनाई है। ये नाजायज सरकार है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मोदी जी को रविदास जी का मंदिर बनाने की याद अब इसलिए आई, क्योंकि चुनाव आ रहे हैं। वोट लेने के लिए क्या करना है, वो काम मोदी जी हमेशा करते हैं, यहां भी करके गए। वे 9 साल से प्रधानमंत्री हैं। शिवराज सिंह भी 18 साल से हुकूमत कर रहे हैं।
खड़गे ने सागर के कजलीवन मैदान से कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद किया। बुंदेलखंड में 22% SC वोटर हैं। इन्हें साधने के लिए प्रदेश में राष्ट्रीय अध्यक्ष की पहली सभा के लिए सागर को चुना गया। 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सागर आ चुके हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे की स्पीच की प्रमुख बातें
1). PM मोदी के वादे गिनाकर कहा- वे झूठ बोलते हैं
मोदी जी ने कहा 18 करोड़ नौकरियां दूंगा। नौकरियां दी क्या? 15- 15 लाख हर एक के जेब में डालने का वादा किया था। मिले क्या? किसानों की आमदनी दोगुनी करने का कहा था। नहीं हुई। प्रधानमंत्री होकर झूठ बोल रहे। इन्होंने झूठ बोलकर वोट लिए। इस बार लोग झूठ नहीं सुनेंगे।
2). सीधी पेशाबकांड पर शाह से सवाल
शाह से पूछना चाहता हूं कि आदिवासी के मुंह पर पेशाब करने वाला किस पार्टी का आदमी है। आप SC की हिफाजत नहीं करते, उसके मुंह में भाजपा का आदमी पेशाब करता है। उसके पैर धोकर आप उसे पवित्र करना चाहते हैं। इससे आपने उसका अपमान किया। हुकूमत को संभालने के लिए ऐसी हरकत होती रहती है।
3). कमलनाथ जी आपको 50% वालों को हटाना है
कर्नाटक में तो 40% कमीशन था। यहां कितना है? हम तो 40% को हटा दिए। कमलनाथ जी आपको 50% वालों को हटाना है। ये हमारे लोगों को सता रहे, जेल भेज रहे। जब नवंबर में हमारी सरकार आएगी, तब उन्हें भी मुश्किल होगा। लेकिन, हम बदला लेने का नहीं सोचते। अच्छा करते आए हैं। बदलना लेने की नहीं, बदलाव लाने की जरूरत है। न हम डराने वाले हैं, न डरने वाले हैं।
4). मणिपुर में मोदी साहब जाते ही नहीं
मणिपुर में इतनी गड़बड़ हो रही है। वहां मोदी साहब जाते ही नहीं। उन्होंने मुंह तब खोला, जब पार्लियामेंट 11 बजे शुरू होने वाली थी, वे 10.30 बजे बोले कि हमें मणिपुर के बारे में कुछ सोचना है। मणिपुर में औरतों का रेप हो रहा है, दंगे हो रहे हैं, मोदी चुप्पी साधे हुए हैं। ऊपर से कहते हैं कि राहुल गांधी ये करा रहे हैं। कांग्रेस डिवाइड कर रही है। मोदी जी के सपने में भी राहुल गांधी आते हैं।