
प्रयागराज,यश भारत। सोशल मीडिया पर “भौकाल” दिखाने की चाहत एक युवती और उसके परिवार पर भारी पड़ गई। प्रयागराज से प्रतापगढ़ गई बारात में शामिल युवती ने शादी समारोह के दौरान हाथ में तमंचा लेकर डांस किया, उसका वीडियो शूट कराया और फिर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो प्रतापगढ़ के मान्धाता थाना क्षेत्र स्थित ग्राम अकोड़िया में सात मई 2026 को आयोजित एक शादी समारोह का है। वायरल वीडियो में दिख रही युवती प्रयागराज के फूलपुर क्षेत्र से आई बारात पक्ष की बताई जा रही है। रील बनाने के दौरान युवती कथित तौर पर किसी परिचित का कट्टा लेकर डांस करती नजर आई। वीडियो सोशल मीडिया पर फैलते ही किसी ने इसे प्रतापगढ़ पुलिस को भेज दिया। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई।
युवती की तलाश में पुलिस प्रयागराज के फूलपुर स्थित उसके घर पहुंची, लेकिन तब तक वह घर से गायब मिली। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके पिता और भाई को हिरासत में ले लिया। इस बीच एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती का पिता कथित तौर पर बेटी से कहता सुनाई दे रहा है,”बेटा कट्टा लेकर थाने आ जा और जिसका कट्टा था उसको भी साथ ले आ।” मामले पर क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की गई है। युवती की पहचान और उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रयागराज के फूलपुर पुलिस से संपर्क किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
रील और वायरल होने की होड़ में लोग कानून की सीमाएं भूलते जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हथियारों के प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो अपलोड करना गंभीर कानूनी परिणाम ला सकता है।







