जस्टिस विवेक रूसिया बने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति के आदेश किया जारी

जबलपुर। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश विवेक रूसिया को राज्य का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। यह नियुक्ति पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा के उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश पद पर पदोन्नत होने के बाद की गई है।
जबलपुर के कोतवाली क्षेत्र के निवासी जस्टिस विवेक रूसिया ने 8 अगस्त 1992 को अधिवक्ता के रूप में अपने विधिक करियर की शुरुआत की थी। विज्ञान एवं विधि स्नातक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में वकालत की और कई वरिष्ठ विधि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में कार्य किया। उनके पिता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया भी उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता रहे हैं।
वकालत के दौरान जस्टिस रूसिया ने कोल इंडिया, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स, वेस्टर्न कोलफील्ड्स और नॉर्दर्न कोलफील्ड्स सहित कई प्रमुख सार्वजनिक उपक्रमों एवं सरकारी संस्थाओं की ओर से पैरवी की। वे भारत सरकार के स्थायी अधिवक्ता और हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव भी रहे।
उन्हें 7 अप्रैल 2016 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था, जबकि 17 मार्च 2018 को वे स्थायी न्यायाधीश बने। अब कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में वे मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के प्रशासनिक एवं न्यायिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे।







