न्याय व्यवस्था को तकनीक से बनाया जा रहा सरल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
जबलपुर, यश भारत।

न्याय व्यवस्था को तकनीक से बनाया जा रहा सरल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
जबलपुर, यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश के इतिहास में न्याय की प्रक्रिया सम्राट विक्रमादित्य और बेताल के प्रसंगों से जुड़ी रही है। सम्राट विक्रमादित्य का सुशासन और पारदर्शी न्याय तंत्र आज भी समाज के लिए एक आदर्श है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक तकनीक न्याय व्यवस्था को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय ज्ञान परंपरा और प्राचीन भारत की न्याय व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि सम्राट विक्रमादित्य ने सदैव नागरिकों के लिए न्यायपूर्ण शासन संचालित किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने में न्याय तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि हाईकोर्ट ने मूक-बधिरों के लिए मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से न्याय सुलभ कराने, फाइलों के त्वरित निराकरण और कोर्ट ऑर्डर्स के डिजिटल सर्टिफिकेशन जैसी व्यवस्थाओं से बेहतर प्रबंधन का मार्ग प्रशस्त किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी तकनीकी नवाचारों को लगातार बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में नागरिकों की सुविधा के लिए साइबर तहसील जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। साथ ही मंत्री परिषद की बैठकों में ई-फाइल प्रक्रिया शुरू कर प्रशासनिक कार्यों को डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल व्यवस्थाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है।







