हमीदिया अस्पताल में इंटर्न डॉक्टर को 10वीं मंजिल पर बनाया बंधक, एचओडी पर 3 दिन भूखा रखने का आरोप

हमीदिया अस्पताल में इंटर्न डॉक्टर को 10वीं मंजिल पर बनाया बंधक, एचओडी पर 3 दिन भूखा रखने का आरोप
भोपाल, यशभारत। राजधानी के प्रतिष्ठित हमीदिया अस्पताल में एक महिला इंटर्न डॉक्टर ने अपनी ही विभागाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी है। इंटर्न डॉक्टर ऋचा का आरोप है कि उन्हें अस्पताल की 10वीं मंजिल पर स्थित एक कमरे में तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और इस दौरान उन्हें खाना तक नसीब नहीं हुआ।
विरोध करने पर मिली तालिबानी सजा!
पीड़िता के अनुसार, विभागाध्यक्ष डॉ. कविता सिंह द्वारा उनका मानसिक शोषण किया जा रहा था। जब उन्होंने इस प्रताड़ना का विरोध किया, तो उन्हें सजा के तौर पर कमरे में बंद कर दिया गया। डॉक्टर ऋचा का दावा है कि उन्हें तीन दिनों तक नर्क जैसी स्थिति में रहना पड़ा। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता अपनी आपबीती सुनाती नजर आ रही है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि पीड़िता ने कोहेफिजा थाना पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। डॉक्टर का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इधर, वायरल वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है, हालांकि प्रबंधन अभी भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए है।
जांच की मांग ने पकड़ा तूल
अस्पताल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले संस्थान में एक महिला डॉक्टर के साथ हुई इस कथित घटना ने कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मेडिकल गलियारों में चर्चा है कि क्या एक विभागाध्यक्ष इतनी निरंकुश हो सकती है? फिलहाल, मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है।







