टेकऑफ से पहले इंडिगो फ्लाइट में लगी आग, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी; कल भी एयर इंडिया में लगी थी आग
IndiGo flight caught fire before takeoff, chaos at Ahmedabad airport; Air India flight also caught fire yesterday

टेकऑफ से पहले इंडिगो फ्लाइट में लगी आग, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी; कल भी एयर इंडिया में लगी थी आग

अहमदाबाद से दीव जा रही इंडिगो की फ्लाइट ATR76 के इंजन में बुधवार को उड़ान भरने से ठीक पहले आग लग गई।
फ्लाइट में 60 पैसेंजर थे। विमान रनवे पर टेकऑफ की तैयारी कर रहा था, तभी पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इमरजेंसी ‘मेडे’ कॉल भेजा और उड़ान को रोक दिया गया।
यह हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। इसके बाद तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की जांच जारी है।
इससे एक दिन पहले मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर हॉन्गकॉन्ग से आई एअर इंडिया फ्लाइट-315 में लैंडिंग के तुरंत बाद ऑक्सिलरी पावर यूनिट (APU) यूनिट में आग लग गई थी।
ऑक्सिलरी पावर यूनिट प्लेन में सबसे पीछे उसकी टेल में होती है। वहां आग लगने से प्लेन की बॉडी को नुकसान पहुंच सकता है।
फ्रेंच शब्द से लिया MAYDAY
MAYDAY शब्द फ्रेंच शब्द ‘m’aider’ से लिया गया है। इसका मतलब है ‘help me’ यानी ‘मुझे बचाओ’। MAYDAY कॉल आमतौर पर रेडियो के माध्यम से ATC या आसपास के अन्य विमानों को भेजा जाता है। इस सिग्नल का उपयोग तत्काल सहायता और प्राथमिकता प्राप्त करने के लिए किया जाता है, ताकि इमरजेंसी से निपटा जा सके और समय पर मदद मिल सके।

12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट क्रैश हो गई थी। इसमें 270 लोगों की मौत हो गई थी। क्रैश होने से पहले पायलट ने MAYDAY कॉल की थी।
दिल्ली-कोलकाता फ्लाइट में तकनीकी खराबी, फ्लाइट रोकी
इससे पहले मंगलवार को ही दिल्ली से कोलकाता जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI2403 में तकनीकी खराबी आ गई थी। खबर मिलने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से प्लेन को उड़ान भरने से रोक दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्लेन 160 यात्रियों को लेकर रनवे पर था और उड़ने ही वाला था। तभी खराबी का पता चला।
फ्लाइट में हादसों के अन्य मामले…
21 जुलाई: मुंबई में एअर इंडिया का विमान रनवे से फिसला: भारी बारिश के कारण लैंडिंग के समय हादसा

मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एअर इंडिया का AI2744 प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया। ये विमान कोच्चि से मुंबई आया था। मुंबई में भारी बारिश के कारण रनवे पर फिसलन थी, जिससे विमान रनवे से 16 से 17 मीटर दूर घास पर चला गया।
ये हादसा सुबह 9:27 बजे हुआ। तस्वीरों में दिखा कि विमान के दाहिने इंजन के नैसेल (ढक्कन) को नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद विमान को पार्किंग तक लाया गया, जहां सभी यात्री और क्रू मेंबर्स को उतारा गया। इस दौरान विमान के तीन टायर फट गए।







