
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र 19 जुलाई से माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। इससे पहले अमरनाथ यात्रा पर भी अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने और यात्रा मार्गों के पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही दोनों यात्राएं दोबारा शुरू की जाएंगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसी चेतावनी के आधार पर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए श्रद्धालुओं से फिलहाल यात्रा पर न निकलने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

जम्मू प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खराब मौसम के कारण भूस्खलन और मार्ग बाधित होने जैसी आशंकाओं को देखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अगले आदेश तक यात्रा की योजना स्थगित रखें।
इससे पहले कश्मीर प्रशासन ने भी पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से अमरनाथ यात्रा को 19 जुलाई से रोकने की घोषणा की थी। साथ ही जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से भी नए श्रद्धालुओं के जत्थे रवाना नहीं किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार मौसम और यात्रा मार्गों की समीक्षा के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने बताया कि आईएमडी की चेतावनी के बाद यह फैसला पूरी तरह एहतियात के तौर पर लिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस बीच प्रशासन ने जानकारी दी है कि मौजूदा अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक 3.76 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और यात्रा बहाल होने से संबंधित सभी अपडेट आधिकारिक माध्यमों से जारी किए जाएंगे।







