सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में भोपाल में छात्रों का प्रदर्शन बोर्ड ऑफिस चौराहे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की उठाई आवाज
Students protest in Bhopal against Sonam Wangchuk's arrest Demand for the Union Education Minister's resignation raised at Board Office Square; call for transparency in the education system.

सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में भोपाल में छात्रों का प्रदर्शन
बोर्ड ऑफिस चौराहे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की उठाई आवाज
भोपाल, यश भारत। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने परीक्षा प्रणाली में सुधार और नीट पेपर लीक मामले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल दोषियों को सख्त सजा दी जाए। छात्रों ने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक बीते 18-19 दिनों से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे लेकिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसे लेकर छात्रों ने नाराजगी जताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में विभिन्न संदेशों वाले पोस्टर और तख्तियां लेकर अपनी बात रखी। इनमें सबसे अधिक ध्यान आकर्षित करने वाला पोस्टर था मेरे पापा पेपर नहीं खरीद सकते। छात्रों का कहना था कि यह संदेश उन लाखों मेहनती विद्यार्थियों की पीड़ा को दर्शाता है जो ईमानदारी से पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं और पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनका भविष्य प्रभावित होता है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। छात्रों ने सरकार से शिक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।







