भोपाल के लिए ऐतिहासिक दिन: कल से पटरियों पर दौड़ेगी मेट्रो, 21 से आम जनता कर सकेगी सफर

भोपाल के लिए ऐतिहासिक दिन: कल से पटरियों पर दौड़ेगी मेट्रो, 21 से आम जनता कर सकेगी सफर
भोपाल, यशभारत। नवाबों के शहर भोपाल के लिए कल 20 दिसंबर का दिन सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। शहर को ट्रैफिक की भीड़भाड़ से निजात दिलाने वाली ‘भोपाल मेट्रो’ का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। उद्घाटन के बाद अगले दिन यानी 21 दिसंबर की सुबह 9 बजे से शहरवासी पहली बार मेट्रो की सवारी का आनंद ले सकेंगे।
6.22 किमी का सफर, 8 स्टेशनों की सौगात
मेट्रो का पहला सफर ऑरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर शुरू हो रहा है। सुभाष नगर से एम्स के बीच 6.22 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर कुल 8 स्टेशन बनाए गए हैं। एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन की दूरी मेट्रो महज 3 मिनट में तय करेगी, जबकि एम्स से सुभाष नगर तक का पूरा सफर 40 मिनट में पूरा होगा।
किराया: रु20 से रु40 के बीच
मेट्रो प्रबंधन ने किराए को तीन जोन में बांटा है। न्यूनतम किराया 20 रुपये तय किया गया है, जो शुरुआती दो स्टेशनों के लिए होगा। 3 से 5 स्टेशनों के लिए 30 रुपये और 6 से 8 स्टेशनों के लिए अधिकतम 40 रुपये किराया देना होगा। हालांकि, इंदौर की तर्ज पर भोपाल में शुरुआती दिनों में किराए में कोई छूट नहीं दी जाएगी।
सुरक्षा और सुविधा: ड्राइवर से कर सकेंगे सीधी बात
मेट्रो कोच पूरी तरह स्टेनलेस स्टील और रस्ट प्रूफ हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए कोच में इमरजेंसी बटन दिया गया है, जिसे दबाकर यात्री सीधे ड्राइवर से इंटरकॉम पर बात कर सकेंगे। दिव्यांगजनों के लिए स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर और ब्रेल लिपि वाली टाइलें लगाई गई हैं। साथ ही उनके लिए कोच में ‘लॉन्ग स्टॉप रिक्वेस्ट बटन’ भी है, जिससे उतरते समय दरवाजे अधिक देर तक खुले रखे जा सकेंगे।
एक नजर में भोपाल मेट्रो:
ट्रिप: दिनभर में कुल 17 ट्रिप (एम्स से 9, सुभाष नगर से 8)
क्षमता: एक ट्रेन (3 कोच) में करीब 980 यात्री सफर कर सकेंगे।
समय: सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी ट्रेन।
रफ्तार: फिलहाल 40 किमी/घंटा की औसत गति, ट्रायल 100 किमी तक सफल।
स्टेशनों की सूची: सुभाष नगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम ऑफिस, अलकापुरी और एम्स।







