बरेला में भीषण सड़क हादसा, पांच वाहन आपस में भिड़े; कई घायल
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार

जबलपुर। बरेला क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां एक के बाद एक पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में ट्रक, हाइवा, बस, जीप सहित अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही बरेला पुलिस एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बरेला स्वास्थ्य केंद्र तथा गंभीर रूप से घायल लोगों को जबलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा ओवरटेक करने के दौरान हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बरेला जेंट्रीगेट के पास एक ट्रैक्टर सड़क पर चल रहा था, जिसके पीछे हाइवा वाहन था। हाइवा चालक ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दौरान पीछे चल रही जीप भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। वहीं पीछे से आ रही बस और अन्य वाहन अचानक ब्रेक लगाने के दौरान एक-दूसरे से टकरा गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।







