गृह मंत्री अमित शाह का 3 अक्टूबर को भोपाल दौरा, राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन और विभिन्न विकास कार्यों की देंगे सौगात

गृह मंत्री अमित शाह का 3 अक्टूबर को भोपाल दौरा, राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन और विभिन्न विकास कार्यों की देंगे सौगात
भोपाल,यशभारत। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 3 अक्टूबर को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के प्रवास पर रहेंगे। अपने इस एक दिवसीय दौरे के दौरान वे सहकारिता, डेयरी और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अमित शाह भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में प्रदेश भर से 35 हजार से अधिक गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों के भाग लेने की संभावना है। इस अवसर पर वे भारतीय न्याय संहिता (BNS) पर केंद्रित एक राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन व अवलोकन भी करेंगे।
दौरे के दौरान गृह मंत्री भोपाल बायपास-भौरी के समीप भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) के नए परिसर का शिलान्यास करेंगे। साथ ही परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में इंफ्रास्ट्रक्चर को गति देने के लिए भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।
पशुपालकों और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले डेयरी प्लांट, भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट मिल्क प्लांट और दुग्ध प्रसंस्करण व गुणवत्ता जांच लैब सहित विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व भूमिपूजन होगा। इसके साथ ही भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ के पशुपालकों को बोनस राशि, गौशालाओं के लिए सहायता राशि, गोपालक दीदियों का सम्मान और डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे। आयोजन में ‘कृषक कल्याण वर्ष’ और बलराम कृषि महोत्सव से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी प्रस्तुत की जाएगी।







