
मुंबई, यश भारत।
ठाणे, भिवंडी और कल्याण को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण मुंबई मेट्रो लाइन-5 परियोजना को पिछले लगभग तीन वर्षों से एक विशाल विज्ञापन होर्डिंग ने अटका रखा था। करीब पांच मंजिला ऊंचाई वाला 30×40 फुट का यह होर्डिंग ठाणे के कापुरबावड़ी जंक्शन पर ठीक मेट्रो मार्ग के बीचों-बीच खड़ा था, जिसके कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था। अब इसे आखिरकार हटा दिया गया है, जिससे परियोजना को बड़ी राहत मिली है।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने फरवरी के मध्य में कार्रवाई करते हुए इस होर्डिंग को हटाया और आसपास की तीन इमारतों को भी ध्वस्त किया। इसके साथ ही मेट्रो लाइन-5 के पहले चरण के अंतिम पियर (पियर-14) के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। अधिकारियों के अनुसार, 2025 की शुरुआत तक वायाडक्ट का लगभग 97 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था, लेकिन यह एक बाधा पूरे प्रोजेक्ट को रोककर बैठी थी।
फिलहाल, ठाणे से भिवंडी के बीच यात्रा करनेवाले यात्रियों को साझा ऑटोरिक्शा पर निर्भर रहना पड़ता है, जहां किराया 40 से 50 रुपए तक और यात्रा समय पीक आवर में 45 मिनट से अधिक हो जाता है। मेट्रो शुरू होने के बाद यही 12 किलोमीटर की दूरी लगभग 25 मिनट में तय हो सकेगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस अवरोध के कारण परियोजना के पहले चरण में कम से कम एक वर्ष की देरी हुई। अब अंतिम बाधा हटने के बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा और यात्रियों को जल्द आधुनिक और तेज सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।







