
प्रयागराज। शुक्रवार को दोपहर बाद प्रयागराज के गंगानगर हंडिया थाना क्षेत्र में सैदाबाद भेस्की गांव के पास हाईवे पर कार और बस की जोरदार भिड़ंत में कार सवार दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। हादसा इतना भीषण था कि बस से टकराने के बाद कार खड्ड में गिर गई।
जौनपुर के मीरगंज थाना क्षेत्र के चौथार गांव निवासी राकेश त्रिपाठी (62) मुंबई में आयुध फैक्ट्री में कार्य करते थे। सेवानिवृत्त के बाद वह परिवार के साथ मुंबई में ही रहते थे। उनका बेटा राहुल त्रिपाठी (32) मर्चेंट नेवी में नौकरी करता है। राहुल की ससुराल में आयोजित शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए सभी लोग एक माह पहले गांव आए थे। शुक्रवार को राकेश त्रिपाठी अपनी पत्नी प्रभावती देवी, ममेरे नाती शुभम दुबे और बेटे राहुल (32) निवासी हरीपट्टी मोढ़ कोतवाली भदोही के साथ झूंसी प्रयागराज में ब्याही अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे।
दोपहर पौने एक बजे हंडिय रेलवे ओवर ब्रिज पार करने के बाद उनकी कार जैसे ही भेस्की गांव के सामने पहुंची थी कि हाईवे की दूसरी लेन से एक तेज रफ्तार यूपी रोडवेज की अनुबंधित बस ने डिवाइडर पार करते हुए उनकी कार में टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी की कार पलटते हुए सड़क के किनारे गड्ढे में चली गई। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। कार में फंसे सभी लोगों को तत्काल बाहर निकाला गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से सभी को सीएचसी सैदाबाद भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने राकेश तिवारी उनकी पत्नी प्रभावती देवी और ममेरे नाती शुभम दुबे को मृत घोषित कर दिया। बेटे राहुल की हालत नाजुक बनी हुई। मौका पाकर बस चालक भाग निकला।







