
चेरिया बंधे के पास डंपर की टक्कर से गिरा हाईटेंशन का खंभा, 13 गांवों की बिजली गुल
गोरखपुर बेलीपार क्षेत्र के सेवई उपकेंद्र के धस्की फीडर से जाने वाली 11 हजार वोल्ट की मेन लाइन का खंभा शनिवार शाम करीब 6:00 बजे *चेरिया बंधे के पास* डंपर की टक्कर से टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और *13 गांवों की बिजली सप्लाई ठप* हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिट्टी लेकर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने चेरिया बंधे के पास सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के पोल में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीमेंट का पोल बीच से टूटकर सड़क के बीचो-बीच गिर गया। खंभा गिरने से बगही, बुलबुलाहा, चेरिया, धस्की, चारपानी, सेनुआपार, बेनुआ, टिकर, भीठी, घनसही, देवकली, बेला, कतरी, अईमा, करजही* समेत सभी गांवों की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। गर्मी में बिजली न होने से ग्रामीण परेशान हैं।
ग्रामीण नागेंद्र निषाद, मेवा लाल निषाद, रामसमुझ और रविंद्र कुमार ने बताया कि डंपरों का आतंक बहुत ज्यादा हो गया है। आए दिन तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे लगे खंभों में टकराकर पोल तोड़ दे रहे हैं। सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है।
बेलीपार चौकी इंचार्ज मडरीया कुआं शमशेर यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। डंपर चालक के खिलाफ जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। डंपर चालक मौके से फरार हो गया था।
सेवई उपकेंद्र के जेई अवनीश कुमार पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। कल सुबह डंपर चालक के खिलाफ एप्लीकेशन दिया जाएगा। इस दौरान धस्की फीडर बंद रहेगा। उसके बाद विद्युत व्यवस्था बहाल की जाएगी। टीम मौके पर पहुंच गई है और काम शुरू कर दिया गया है।
“ग्रामीणों ने प्रशासन से डंपरों की तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की है”







