भोपाल

पार्किंग विवाद में चली गोली, युवक घायल; तीन आरोपी हिरासत में

पार्किंग विवाद में चली गोली, युवक घायल; तीन आरोपी हिरासत में
भोपाल, यश भारत। राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र में देर रात पार्किंग को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। झड़प के दौरान चली गोली से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना देर रात करीब दो बजे की है। मिसरोद स्थित एक मल्टीस्टोरी पार्किंग में तीन युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान हरीश राजपूत वहां पहुंचे और युवकों से वाहन हटाने के लिए कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद के दौरान हरीश ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली। पुलिस के मुताबिक रिवॉल्वर छीनने की कोशिश में हर्षित और उसके साथियों ने हथियार अपने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान चली गोली हरीश के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल हरीश को परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। मिसरोद थाना पुलिस ने घायल के बयान, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मौके से शराब भी बरामद की गई है। पुलिस हथियार की फोरेंसिक जांच कराने के साथ पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button