ग्लोबल स्किल पार्क के सामने चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 70 दुकानें और 42 झुग्गियां हटाईं – 10 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, फोरलेन सड़क और ब्रिज निर्माण का रास्ता साफ

ग्लोबल स्किल पार्क के सामने चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 70 दुकानें और 42 झुग्गियां हटाईं
– 10 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, फोरलेन सड़क और ब्रिज निर्माण का रास्ता साफ
भोपाल, यश भारत । जिला प्रशासन ने शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पिपलानी चमारान स्थित लेबर कॉलोनी झुग्गी बस्ती क्षेत्र में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। ग्लोबल स्किल पार्क के सामने संचालित इस अभियान में 70 दुकानों तथा 42 झुग्गियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाकर करीब 4 हजार वर्गमीटर भूमि को मुक्त कराया गया। कार्रवाई एसडीएम गोविंदपुरा भुवन गुप्ता के नेतृत्व में तहसीलदार सौरभ वर्मा, राजस्व अमले, नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने की। अभियान के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। प्रशासन के अनुसार पीडब्ल्यूडी सड़क के दोनों ओर लगभग 210 मीटर क्षेत्र में फैली करीब 4 हजार वर्गमीटर (लगभग 43 हजार वर्गफीट) शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। अभियान के दौरान जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि गाइडलाइन के अनुसार इस भूमि का मूल्य करीब 10 करोड़ रुपये है, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 40 करोड़ रुपये आंका गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद अब इस भूमि पर फोरलेन सड़क और ब्रिज निर्माण का कार्य किया जाएगा। यह परियोजना कार्यपालन यंत्री, राजधानी संभाग क्रमांक-02 द्वारा प्रस्तावित है। सड़क और पुल बनने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा तथा नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रशासन का कहना है कि शहर में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक उपयोग और विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







