मिनरल वाटर प्लांट की लापरवाही बनी जानलेवा: करंट से युवा कर्मी की दर्दनाक मौत, जांच में जुटी पुलिस

सतना, यश भारत । शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक मिनरल वॉटर प्लांट में करंट लगने से 21 वर्षीय कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर हादसे की वास्तविक जानकारी छिपाने और गुमराह करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अनुज सोंधिया (21) पिता रामकिशोर सोंधिया, निवासी नर्द बस्ती के रूप में हुई है। बताया गया कि अनुज मुक्तानगर, शेरगंज स्थित एक मिनरल वॉटर प्लांट में कार्यरत था और रात्रि पाली में काम करने के दौरान वहीं रुकता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट परिसर में अचानक करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने उन्हें फोन कर बताया कि अनुज घायल है और जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। कुछ समय बाद संबंधित मोबाइल नंबर बंद हो गया। जब परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे तो उन्हें इलाज नहीं, बल्कि अनुज का शव मिला। इससे परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रबंधन पर सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी एवं मृतक के सहकर्मी संतोष जायसवाल ने बताया कि वह पानी के जार की सप्लाई देकर वापस प्लांट लौटा तो परिसर में करंट फैला हुआ था। अनुज पानी में गिरा पड़ा था। तत्काल प्लांट संचालक को सूचना दी गई और उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य तथा संबंधित लोगों के बयान के आधार पर हादसे के कारणों और प्लांट प्रबंधन की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएग।







