
जबलपुर यशभारत। मदन महल रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी ने एक युवक को अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा है। आरोपी युवक स्टेशन परिसर में संदिग्ध अवस्था में घूमता नजर आया जिस पर जीआरपी की टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।उक्त कार्यवाही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत चौकी प्रभारी सउनि जे.एस.धुर्वे, प्र.आर.विनोद तिवारी, आरक्षक मनीष शर्मा, आर.विमलेश ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।
इस संबंध में मदन महल जीआरपी से मिली जानकारी के मुताबिक प्लेटफार्म नं. 04 स्लैब ब्रिज के पास आरोपी अंशु रायकवार पिता गौरीशंकर रायकवार उम्र 19 साल निवासी ग्राम चितुवा थाना चिरूला जिला दतिया एक बैग लेकर संदिग्ध हालात में खड़ा हुआ था। जिसे पकड़ कर उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 24 नग (हाफ) शीशी प्रत्येक 375 एमएल की कुल 9 लीटर अंग्रेजी शराब पेंटागान गोल्ड एडीशन कंपनी की कुल कीमती 8640/- रूपये की अवैध रूप से रखे हुए था।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब को अवैध रूप से ले जा रहा था। स्टेशन परिसर में शराब ले जाना और उसका सेवन करना प्रतिबंधित होने के बावजूद युवक नियमों की अनदेखी कर रहा था।जीआरपी ने मौके पर ही शराब को जब्त कर लिया और युवक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
आरोपी से यह भी पूछताछ की जा रही है कि वह शराब कहां से लाया था और किस उद्देश्य से ले जा रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं वह शराब की तस्करी में तो शामिल नहीं है।जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन यात्रियों की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है।








