गाजी नगर अग्निकांड: 17 परिवारों की मदद के लिए आगे आए विधायक घनघोरिया
गाजी नगर अग्निकांड के पीड़ितों को आर्थिक सहायता के साथ मकानों के पुनर्निर्माण में मदद का मिला भरोसा

जबलपुर,यश भारत। गाजी नगर में 7 नवंबर को हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित 17 परिवारों की मदद के लिए विधायक लखन घनघोरिया ने पहल की है। सोमवार को शाम 4 बजे विधायक ने सभी प्रभावित परिवारों के सदस्यों के साथ कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता और जरूरी प्रशासनिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की। पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुलाकात के दौरान विधायक ने कलेक्टर को बताया कि आग में पीड़ित परिवारों का घर-गृहस्थी का सामान, जरूरी दस्तावेज और जीवनभर की जमा पूंजी तक नष्ट हो गई है। ऐसे में इन परिवारों को तत्काल राहत देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे, यह जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।विधायक ने सभी 17 परिवारों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता और अन्य जरूरी सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस पर कलेक्टर ने पीड़ितों को तत्काल आर्थिक सहायता देने के साथ भविष्य में मकानों के पुनर्निर्माण और उन्हें दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद प्रभावित परिवारों में राहत की उम्मीद जगी है। इस दौरान ताहिर अली, इस्तियाक अंसारी, फिरोज ठाकरे, आसिफ इकबाल, इमरान मंसूरी, अशरफ मंसूरी, शकील अंसारी, नीरज पटेल, सलमान अली, सरफराज खान, आजाद खान और हबीब खान सहित सभी 17 प्रभावित परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।






