नया एलपीजी कनेक्शन लेना बना चुनौती: 6 महीने से पोर्टल ठप, छोटे सिलेंडरों के सहारे उपभोक्ता; दिल्ली में जुटेगा डिस्ट्रीब्यूटर्स का मोर्चा

नया एलपीजी कनेक्शन लेना बना चुनौती: 6 महीने से पोर्टल ठप, छोटे सिलेंडरों के सहारे उपभोक्ता; दिल्ली में जुटेगा डिस्ट्रीब्यूटर्स का मोर्चा
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में नया एलपीजी कनेक्शन हासिल करना आम लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। केंद्र सरकार का आधिकारिक कनेक्शन पोर्टल लगातार 6 महीनों से बंद पड़ा है, जिसके चलते भोपाल में ही करीब 12 हजार से अधिक नए कनेक्शन के आवेदन पूरी तरह अटक गए हैं। समस्या का समाधान न होता देख अब एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है और आगामी 26 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय स्तर का प्रदर्शन करने जा रहा है।
हर महीने 2 हजार परिवारों का बजट प्रभावित
भोपाल में प्रतिमाह औसतन 2,000 से अधिक लोग नए कनेक्शन के लिए आवेदन करते हैं। पोर्टल बंद रहने की वजह से नए चूल्हे जलना मुश्किल हो गए हैं। स्थाई कनेक्शन न मिलने के कारण मजबूरी में लोगों को 5 और 10 किलो वाले छोटे कमर्शियल सिलेंडर महंगे दामों पर खरीदने पड़ रहे हैं। इससे आम मध्यमवर्गीय और कामकाजी परिवारों का मासिक रसोई बजट बिगड़ रहा है।
कालाबाजारी की आहट, विभाग का मॉनिटरिंग का दावा
कनेक्शन प्रक्रिया ठप होने से खुले बाजार में घरेलू सिलेंडरों की अनधिकृत खरीद-फरोख्त और कालाबाजारी बढ़ने का खतरा भी मंडरा रहा है। हालांकि, खाद्य आपूर्ति विभाग का कहना है कि कालाबाजारी रोकने के लिए टीमों को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, नए कनेक्शन की पूरी व्यवस्था केंद्रीय पोर्टल पर निर्भर है। जब तक वहां से प्रक्रिया बहाल नहीं होती, स्थानीय स्तर पर आवेदन स्वीकार करना संभव नहीं है।
जंतर-मंतर पर ही खुलेगी बात
गैस डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएस शर्मा का कहना है कि पोर्टल मार्च से बंद है और पेट्रोलियम कंपनियों या सरकार की ओर से इसके चालू होने की कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है। रोज सैकड़ों लोग एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं और एजेंसियों को ही जिम्मेदार समझ रहे हैं। इसी गतिरोध को खत्म करने और पोर्टल की री-ओपनिंग की मुख्य मांग को लेकर डिस्ट्रीब्यूटर 26 सितंबर को दिल्ली में हुंकार भरेंगे।







