जबलपुरमध्य प्रदेश

एटीएम कार्ड बेचकर अवैध लाभ कमाने वाले गिरोह का खुलासा, एक गिरफ्तार

10 एटीएम कार्ड, 20 हजार रुपये नकद, मोबाइल और स्कूटी जब्त

जबलपुर। बेलबाग थाना पुलिस ने लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड और बैंक संबंधी जानकारी का दुरुपयोग कर अवैध लाभ अर्जित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, 20 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर की एक्सिस स्कूटी जब्त की है।

थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर ने बताया कि 27 जून को बेलबाग तिराहा पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध रूप से स्कूटी चला रहे सौरभ कुमार रजक (31) निवासी न्यू कंचनपुर, आधारताल को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड और 20 हजार रुपये नकद मिले।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका संपर्क गोरखपुर थाना क्षेत्र की मांडवा बस्ती निवासी रोहित से था, जो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर उसे एटीएम कार्ड उपलब्ध कराता था। रोहित के निर्देश पर वह विभिन्न खातों में कैश डिपॉजिट मशीन के माध्यम से रकम जमा करता था। बरामद 20 हजार रुपये भी उसी के द्वारा जमा कराने के लिए दिए गए थे।

जांच के दौरान साइबर टीम ने आरोपी के मोबाइल की जांच की, जिसमें ‘नितिन 3333’ नामक व्हाट्सएप संपर्क पर बड़ी संख्या में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खातों की जानकारी, लॉगिन आईडी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय दस्तावेज साझा किए जाने के साक्ष्य मिले। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने तथा अन्य लोगों के बैंक खातों की जानकारी भी इस नेटवर्क को उपलब्ध कराई थी। इन खातों से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के मामले गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दर्ज पाए गए हैं।

प्रकरण में पुलिस ने सौरभ रजक, रोहित तथा ‘नितिन 3333’ के विरुद्ध धारा 318(4) एवं 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी सौरभ रजक को न्यायालय में पेश किया गया है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए पुलिस रिमांड लेने की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button