सिर में डंडा मारकर दोस्त की हत्या: नशे में हुए विवाद के बाद वारदात को दिया अंजाम, आरोपी गिरफ्तार

सिर में डंडा मारकर दोस्त की हत्या: नशे में हुए विवाद के बाद वारदात को दिया अंजाम, आरोपी गिरफ्तार
भोपाल,यशभारत। राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र में एक भयावह हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने 9 दिसंबर की रात अपने दोस्त की सिर में डंडा मारकर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि यह वारदात शराब के नशे में हुए विवाद के कारण हुई।
कमला नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कैलाश यादव (36) एक ड्राइवर था और आरोपी राहुल बाडेकर शादी-विवाह समारोहों में तंदूर लगाने का काम करता था। दोनों गहरे दोस्त थे और अक्सर कोटरा इलाके में साथ बैठकर शराब पीते थे। घटना की रात दोनों ने एक साथ शराब पी थी। नशे की हालत में उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कैलाश ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया, जिससे राहुल को गुस्सा आ गया। गुस्से में आकर राहुल बाडेकर ने पास पड़े एक डंडे से कैलाश यादव के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। हमले में कैलाश गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ मौके पर ही गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राहुल घटनास्थल से फरार हो गया।
रात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कैलाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसमें सिर में लगी चोट को मौत का कारण बताया गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। गहन छानबीन के बाद पुलिस ने आखिरकार आरोपी राहुल बाडेकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।







