मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव और राज्य निर्वाचन आयुक्त आदित्य विजय सिंह का निधन

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव और राज्य निर्वाचन आयुक्त आदित्य विजय सिंह का निधन
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव और पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त आदित्य विजय सिंह का बुधवार, 11 नवंबर को 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन से प्रशासनिक गलियारों, परिवार और शुभचिंतकों में गहरी शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे भोपाल के सुभाष नगर विश्राम घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में किया जाएगा।
22 अक्टूबर 1943 को जन्मे एवी सिंह 1970 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी थे। वे अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता, अनुशासन और कार्यशैली के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे। अपने लंबे और उल्लेखनीय करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारियां संभालीं।
वे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल के दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव रहे और उनका कार्यकाल मार्च 2002 से जनवरी 2004 तक रहा। उल्लेखनीय है कि उनके इसी मुख्य प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान दिसंबर 2003 में उमा भारती के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार का गठन हुआ था।
मुख्य सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देने से पहले एवी सिंह ग्वालियर और भोपाल जिलों के कलेक्टर के रूप में भी कार्य कर चुके थे। इसके अलावा, उन्होंने केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर भी अपनी सेवाएं दी थीं। मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्ति के पश्चात उन्हें राज्य निर्वाचन आयुक्त जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उनके पुत्र धनंजय विजय सिंह ने उनके निधन की जानकारी दी है। उनके जाने से प्रशासनिक और राजनीतिक जगत में एक युग का अंत माना जा रहा है, और कई वरिष्ठ अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।







