मिसरोद के कैफे में तोड़फोड़ और मारपीट करने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार

मिसरोद के कैफे में तोड़फोड़ और मारपीट करने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार
पुरानी रंजिश को लेकर की थी कैफे में तोड़फोड़ और मारपीट, पांच आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी में दहशत फैलाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले नकाबपोश बदमाशों के एक समूह का मिसरोद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। यह पूरा मामला सेज यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच चल रही पुरानी रंजिश का परिणाम है। पुलिस ने इस मामले में पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बीते बुधवारकी शाम करीब 7 बजे की है। मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित सेज माइल्सटोन के ‘मैजिक स्पॉट’ कैफे में करीब दो दर्जन नकाबपोश बदमाश हथियार, जिनमें डंडे और तलवार शामिल थे, लेकर घुस गए। कैफे के मालिक सक्षम गोस्वामी की रिपोर्ट के अनुसार, नकाबपोशों ने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और पूरे कैफे में जमकर तोड़फोड़ की। इस मारपीट में कैफे कर्मचारी रोहित बैरागी घायल हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह विवाद सेज यूनिवर्सिटी के छात्रों के दो गुटों के बीच चल रही पुरानी दुश्मनी को लेकर हुआ था।
24 घंटे में पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस आयुक्त हरिनारणाचारी मिश्र के निर्देश पर डीसीपी जोन-2 डॉ. विवेक सिंह ने एक टीम का गठन किया। जिसमें थाना प्रभारी मिसरोद, निरी. संदीप कुमार पवार के नेतृत्व में मिसरोद, बागसेवनिया, कटाराहिल्स, गोविंदपुरा और पिपलानी थानों की संयुक्त टीम ने काम किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। इस त्वरित कार्रवाई के दम पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर ली और उनमें से 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपी सेज सनसिटी, कटारा हिल्स इलाके के निवासी हैं, जो विश्वविद्यालय से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। जिनमें ओम सिंह गहरवार उर्फ ऋषभ (20) अभिलाष मारन (26) योगी उर्फ योगेन्द्र अमराते (20) देवांश सिंह (21) वासु गुप्ता (20) शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो कारें एक मोटरसाइकिल और मारपीट में इस्तेमाल हुए हथियार जब्त किए हैं। आरोपियों पर तोड़फोड, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।







