
बाराबंकी/हैदरगढ़,यश भारत । हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात एक ऐसा भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों की रूह तक कंपा दी। सतरही रेलवे क्रॉसिंग के पास ईंट लदे ट्रक और मोरंग से भरे डंपर की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दोनों भारी वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। हादसे में ट्रक चालक की केबिन में जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। भिड़ंत के तुरंत बाद तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर चीख-पुकार गूंजने लगी।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे ग्राम सतरही के पास ट्रक संख्या UP 32 KN 5175, जिसमें ईंट लदी थी, अहमदपुर बाराबंकी से महोबा जा रहा था। वहीं डंफ़र संख्या UP 71 BT 8006, जिसमें मोरंग लदी थी, बांदा से बाराबंकी की ओर आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में ट्रक चालक धर्मेंद्र पाल (32 वर्ष) पुत्र रामशरण निवासी मंसूर पुरवा थाना असंद्रा, बाराबंकी ट्रक के केबिन में फंस गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वह बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। वहीं डंपर का क्लीनर रोशन सिंह निवासी उमगरा थाना ठठिया जनपद कन्नौज और ट्रक का क्लीनर रामनरेश रावत निवासी टेण्वां थाना कोठी, बाराबंकी किसी तरह वाहन से कूदकर बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही हैदरगढ़ पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहनों के इंजन पूरी तरह जल चुके थे। हादसे के चलते हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में देर रात तक दहशत और सनसनी का माहौल बना रहा।






