देश

पंजाब में ट्रेन में आग लगने से मचा हड़कंप,रेस्क्यू कर बचाई गई यात्रियों की जान

लुधियाना से दिल्ली जा रही थी गरीब रथ एक्सप्रेस

पंजाब,एजेंसी। पंजाब में एक पैसेंजर ट्रेन में आग लगने की घटना हुई है. लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीब रथ ट्रेन में आग लगी है, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. सरहिंद स्टेशन क्रॉस करते ही बोगी नंबर 19 से धुंआ निकलने लगा, जिसे देखकर पैसेंजर चिल्लाने लगे और पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि इस बोगी में कई व्यापारी सवार थे, जिन्होंने चेन खींचकर ट्रेन को रुकवाया. पायलट ने तुरंत सभी यात्रियों को ट्रेन से उतरने को कहा और रेलवे पुलिस को आग लगने की जानकारी दी.

आग लगने के कारण अज्ञात

खबर मिलते ही रेलवे स्टेशन अधिकारी, कर्मचारी, GRP, RPF और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया, फिर सभी ने मिलकर आग पर काबू पाया. सभी यात्री सुरक्षित हैं और आग पर नियंत्रण पा लिया गया है. प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है. फिर भी रेलवे इंजीनियर्स की टीम आग लगने के कारण तलाश रही है. अफरा-तफरी में ट्रेन से उतरने में कई यात्रियों को चोट लग गई थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है. यात्री अब अपना सामान ट्रैक पर खड़े हैं.

धुंए के साथ आग की लपटें भी उठीं

यात्रियों ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 7 बजे की घटना है. सरहिंद रेलवे स्टेशन क्रॉस करते ही बोगी नंबर-19 से धुंआ निकलने लगा. यात्रियों ने ट्रेन की चेन खींची और नीचे उतरने लगे. पायलट उतरकर आया और उन्होंने बोगियों को खाली कराया. इस बीच धुएं के साथ आग की लपटें उठने लगीं तो यह देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपने बच्चों के साथ सामान लेकर नीचे उतर गए. हंगामा होते देखकर आस-पास के लोग भी मौके पर आ गए, जिन्होंने राहत कार्य किया और यात्रियों को संभाला.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button