चिनार ड्रीम सिटी में लिफ्ट गिरने के मामले में अध्यक्ष समेत तीन पर एफआईआर

चिनार ड्रीम सिटी में लिफ्ट गिरने के मामले में अध्यक्ष समेत तीन पर एफआईआर
छठे फ्लोर से सीधे नीचे गिरी थी लिफ्ट, युवक का पैर फ्रैक्चर
पुलिस जांच में मेंटेनेंस की बड़ी लापरवाही उजागर
भोपाल, यशभारत। राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित चिनार ड्रीम सिटी में पिछले महीने हुए लिफ्ट हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सोसाइटी की उप समिति के अध्यक्ष, मेंटेनेंस प्रभारी और लिफ्ट रिपेयरिंग कर्मचारी के खिलाफ लापरवाही का प्रकरण दर्ज किया है। इस हादसे में एक युवक का पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया था।
पुलिस के अनुसार, आई-605 चिनार ड्रीम सिटी निवासी अनुज पथरौल (24), जो मंडीदीप की एक निजी कंपनी में मार्केटिंग का काम करते हैं, 28 फरवरी की सुबह करीब 9:40 बजे अपने साथी प्रदीप यादव के साथ ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही दोनों आई-ब्लॉक की लिफ्ट में सवार हुए, लिफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर छठे फ्लोर से सीधे नीचे जा गिरी। अनुज ने लिफ्ट का इमरजेंसी बटन भी दबाया, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते उसने काम नहीं किया।
हादसे में अनुज के दाहिने पैर की एंकल बोन (टखने की हड्डी) टूट गई, जबकि उनके साथी को मामूली चोटें आईं। प्राथमिक इलाज के बाद अनुज अपने गृह नगर विदिशा चले गए थे। पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया कि लिफ्ट के मेंटेनेंस में भारी लापरवाही बरती गई थी, जिसके कारण सुरक्षा उपकरण फेल हो गए।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ लापरवाही बरतने और जान जोखिम में डालने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है







