भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में फिल्मी स्टाइल में किडनैपिंग: दो बोलेरो से आए बदमाशों ने बाइक सवार को टक्कर मारकर गिराया, सरेराह मारपीट कर उठा ले गए

भोपाल में फिल्मी स्टाइल में किडनैपिंग: दो बोलेरो से आए बदमाशों ने बाइक सवार को टक्कर मारकर गिराया, सरेराह मारपीट कर उठा ले गए

​पंजाबी बाग स्थित अन्विता हॉस्पिटल के सामने दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात, पुलिस खंगाल रही क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज

भोपाल, यशभारत। राजधानी के सबसे व्यस्त और रिहायशी इलाकों में शुमार अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में सरेराह अपहरण का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंजाबी बाग स्थित अन्विता हॉस्पिटल के ठीक सामने दो बोलेरो गाड़ियों में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक मोटरसाइकिल सवार युवक का अपहरण कर लिया।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, पीड़ित युवक अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। जैसे ही वे अन्विता हॉस्पिटल के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने अपनी दो तेज रफ्तार बोलेरो कारों से उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और उस पर सवार दोनों युवक दूर जा गिरे।

बाइक के गिरते ही दोनों बोलेरो गाड़ियों से आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश और लाठी-डंडों से लैस बदमाश नीचे उतरे। बदमाशों ने सड़क पर गिरे दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। सरेराह हो रही इस गुंडागर्दी को देखकर आसपास के राहगीर और दुकानदार सहम गए। बदमाशों ने इसके बाद एक युवक को कॉलर से घसीटते हुए जबरन अपनी बोलेरो गाड़ी में डाला और पलक झपकते ही मौके से रफूचक्कर हो गए। वहीं, घायल हालत में दूसरा साथी सड़क पर ही पड़ा रह गया, जिसे बाद में प्राथमिक उपचार दिया गया

मिली जानकारी के अनुसार मुख्य मार्ग पर हुई इस किडनैपिंग की सूचना मिलते ही अशोका गार्डन थाना पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना के तत्काल बाद पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना के संबंध में आस पास के लोगों से और पीड़ित के साथी से पूछताछ की है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

अशोका गार्डन थाना पुलिस का कहना है कि वारदात के रूट और अन्विता हॉस्पिटल के आसपास लगे सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और शासकीय सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ फुटेज में संदिग्ध बोलेरो गाड़ियां तेजी से भागती हुई दिखाई दी हैं, जिनके नंबरों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला किसी पुरानी रंजिश, पैसों के लेनदेन या आपसी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button