बर्खास्त होने के बाद नौकरी पाने प्रस्तुत किया फर्जी दस्तावेज -आरोपी और उसकी मददगार महिला पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

बर्खास्त होने के बाद नौकरी पाने प्रस्तुत किया फर्जी दस्तावेज
-आरोपी और उसकी मददगार महिला पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
शासकीय केंद्रीय मुद्रणालय से बर्खास्त हुए एक कर्मचारी ने दोबारा नौकरी पाने के लिए नाम बदलने के दस्तावेज प्रस्तुत कर दिए। जब विभाग ने दस्तावेजों की जांच की तो वह फर्जी निकले। विभागीय जांच के बाद एमपी नगर थाना पुलिस में मामले की शिकायत की गई थी। जिसकी जांच के पुलिस ने आरोपी और उसकी मददगार महिला के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
एसआई कुलदीप खरे ने बताया कि सारंगपुरा राजगढ़ के रहने वाले अमृत धोते को अरेरा हिल्स स्थित शासकीय केन्द्रीय मुद्रणालय में कर्मचारी था। जिसे वर्ष 2019 में विभाग द्वारा बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद वर्ष 2021 में विभाग में दौबारा भर्ती निकली थी। इस भर्ती के दौरान अमृत धोते ने एक आवेदन दिया था। इस आवेदन में नाम परिवर्तित कर अमृत उर्फ मारूति धोते कर 17 सितंगर 2021 में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही एक गजट नोटिफिकेशन कराया था। जब शासकीय केन्द्रीय मुद्रणालय ने प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की तो वह फर्जी निकले। इस गजट नोटिफिकेशन में रेखा जैन नाम की महिला ने उसकी मदद की थी। इसके बाद विभाग ने जनवरी 2025 में मामले की जांच कर थाना पुलिस में शिकायत की थी। पुलिस ने इस मामले की जांच कर आरोपी अमृत धोते और रेखा जैन के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।






