आबकारी विभाग ने किया 600 किलो महुआ लाहन नष्ट, 5 महिलाएं गिरफ्तार

आबकारी विभाग ने किया 600 किलो महुआ लाहन नष्ट, 5 महिलाएं गिरफ्तार
भोपाल,यशभारत। राजधानी की आबकारी विभाग ने शुक्रवार अलसुबह शहर के कई संवेदनशील इलाकों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने भारी मात्रा में अवैध महुआ लाहन और हाथ भट्टी मदिरा जब्त कर पांच महिला आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नियंत्रण कक्ष प्रभारी आर.जी. भदौरिया ने बताया कि आज शुक्रवार सुबह मुखबिर की सटीक सूचना पर वृत्त-5 के अंतर्गत आने वाले छावनी पठार, बंजारा बस्ती, ट्रांसपोर्ट नगर कोकता और हरिपुरा इलाकों में घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 600 किलोग्राम अवैध महुआ लाहन बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आबकारी नियमों के तहत मौके पर ही लाहन के सैंपल लिए गए और शेष सामग्री को नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा, विभिन्न ठिकानों से 35 लीटर हाथ भट्टी से बनी अवैध शराब भी जब्त की गई है। जब्त की गई कुल अवैध मदिरा और लाहन की कीमत लगभग 67 हजार रुपये आंकी गई है।
इस अवैध कारोबार में लिप्त पाए जाने पर आबकारी विभाग ने मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34 (1) क और च के तहत कुल पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों में गीता बाई (26, छावनी पठार), सुगना बाई (50, कोकता), निशा (37, छावनी पठार), डुली बाई (45, डेरी कोकता) और बसंती बाई (40, हरिपुरा) शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक विवेचना शुरू कर दी गई है।







