तलवार के वार से बुजुर्ग का ब्रेन 10 मिमी खिसका : रंजिशन वारदात से हड़कंप

सागर, यशभारत l थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सानौधा में पुरानी रंजिश और न्यायालय में विचाराधीन एक मामले में राजीनामा (समझौता) का दबाव बनाने को लेकर 6 हथियारबंद लोगों ने घर पर बैठे चाचा-भतीजे पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवार, लाठी-डंडों और लोहे के एंगल से ताबड़तोड़ वार किए और घायल होकर जमीन पर गिरने के बाद पीड़ितों पर पत्थर भी पटके। इस हमले में 67 वर्षीय बुजुर्ग देवेंद्र पांडे के सिर में तलवार लगने से गंभीर चोट आई है।
मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, सिर में गहरी चोट लगने के कारण देवेंद्र पांडे के मस्तिष्क में खून के थक्के जम गए हैं और उनका ब्रेन अपनी सामान्य स्थिति से 10 मिमी खिसक गया है। वहीं, हमले में उनके भतीजे 46 वर्षीय चंद्रशेखर पांडे के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी धारदार हथियार से गंभीर घाव हुए हैं।
राजीनामा का दबाव बना रहे थे आरोपी
घायल देवेंद्र पांडे के भतीजे आशीष पांडे ने बताया कि गांव के ही दीपक ठाकुर ने करीब दो साल पहले उसके साथ मारपीट की थी, जिसका प्रकरण फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। आरोपी लगातार इस मामले में राजीनामा करने का दबाव बना रहे थे। इसी रंजिश के चलते 29 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे हल्के भैया उर्फ श्रीराम ठाकुर, दीपक ठाकुर और गोलू उर्फ अरुण ठाकुर घर पहुंचे और बड़े भाई चंद्रशेखर पांडे पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए चाचा देवेंद्र पांडे के सिर पर दीपक ठाकुर ने तलवार से वार कर दिया। इसके बाद अंबर ठाकुर, बादल ठाकुर और हल्के उर्फ संजय ठाकुर भी मौके पर आ गए और मारपीट शुरू कर दी। घटना के समय आशीष घर पर मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर वह तत्काल दोनों घायलों को बीएमसी (बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज) लेकर पहुंचा, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया।
मेजर सर्जरी के बाद तीन दिन तक बेहोश रहे बुजुर्ग
आशीष के मुताबिक, चाचा देवेंद्र पांडे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मकरोनिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मेजर ब्रेन सर्जरी करनी पड़ी। सर्जरी के बाद वे तीन दिनों तक बेहोश रहे। करीब 15 दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली है, हालांकि घर पर भी उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर परिजनों ने उठाए सवाल
पीड़ित पक्ष ने सानौधा थाना पुलिस पर आरोपियों को बचाने का गंभीर आरोप लगाया है। आशीष का कहना है कि पुलिस 30 अक्टूबर की शाम 5:45 बजे घायल के बयान दर्ज करने अस्पताल पहुंची थी, लेकिन इससे पहले ही सीटी स्कैन की रिपोर्ट आ चुकी थी। इसके बावजूद पुलिस ने न तो रिपोर्ट का अवलोकन किया और न ही डॉक्टरों से चोटों की गंभीरता पर परामर्श लिया, बल्कि सामान्य मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। परिजनों ने मामले में हत्या के प्रयास (जानलेवा हमला) की धाराएं बढ़ाने की मांग की है।
वहीं सानौधा पुलिस ने इस मामले में आरोपी दीपक ठाकुर, हल्के भैया उर्फ श्रीराम ठाकुर, अंबर ठाकुर, गोलू उर्फ अरुण ठाकुर, हल्के उर्फ संजय ठाकुर और बादल ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(b), 115(2), 118(1), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
इन्होंने कहा ….
“मामला अभी विवेचना में है। अस्पताल से घायलों की विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई है। प्राप्त साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
— उपमा सिंह, थाना प्रभारी, सानौधा







