अमन-चैन की दुआओं के साथ अदा हुई ईद की नमाज़,जबलपुर में दिखा भाईचारे का रंग
मौलाना साहब ने अपनी तकरीर में कहा कि हर इंसान का पहला फर्ज अपने मां-बाप की इज्जत करना

जबलपुर,यशभारत। ईद-उल-फितर का पर्व आज पूरे देश के साथ जबलपुर में भी हर्षोल्लास, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया जा रहा है। एक महीने तक रोजे रखने के बाद मुस्लिम समाज में खुशी की लहर है। सुबह फज्र की नमाज़ के साथ ही धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई और शहर की ईदगाहों व मस्जिदों में विशेष नमाज़ अदा की गई।
ईद-उल-फितर इस्लाम धर्म का प्रमुख त्योहार है, जो रमजान माह के समापन और शव्वाल के चांद के दीदार के बाद मनाया जाता है। यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशियां बांटने का संदेश देता है। शहर की प्रमुख ईदगाहों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज़ अदा की। रानीताल ईदगाह में मुफ्ती ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना डॉ. मुशाहिद रज़ा कादरी ने मुस्लिम बंधुओं को संबोधित किया। इसके बाद सुबह 10:30 बजे नायब मुफ्ती ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत सूफी जियाउल हक कादरी बुरहानी ने ईद की नमाज़ अदा कराई।
तकरीर

मौलाना डॉ.मुशाहिद रजा कादरी साहब ने अपनी तकरीर में कहा कि हर इंसान का पहला फर्ज अपने मां-बाप की इज्जत करना और उनकी खिदमत करना है। मां-बाप ही वह जरिया हैं जिनकी बदौलत इंसान इस दुनिया में आता है और उसे अल्लाह की इबादत करने का मौका मिलता है। जो व्यक्ति अपने मां-बाप की कदर करता है और उनकी खुशी का ख्याल रखता है, वही सच्चे मायनों में नेक इंसान कहलाने का हकदार है। इसलिए सभी को चाहिए कि वे अपने माता-पिता की सेवा को अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा बनाएं और उनके बताए रास्ते पर चलें।
गोहलपुर मोमिन ईदगाह में सुबह 8:30 बजे हाफिज मुहम्मद ताहिर साहब ने नमाज़ पढ़ाई। वहीं सदर बाजार स्थित ईदगाह में सुबह 9 बजे हाफिज कारी सुल्तान अशरफी ने नमाज़ अदा कराई। उपनगरीय क्षेत्र गढ़ा ईदगाह में सुबह 10 बजे हाफिज कारी मौलाना अमीर अशरफ ने नमाज़ अदा कराई।
इसके अलावा मस्जिद अहले सुन्नत वल जमाआत, दरीखाना पी.एस.एम. में सुबह 8 बजे नमाज़ अदा की गई। शिया जामा मस्जिद, फूटाताल में मौलाना सैय्यद हैदर मेहंदी साहब ने सुबह 9:30 बजे ईद की नमाज़ अदा कराई।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन, चैन और तरक्की की दुआएं मांगी। पूरे शहर में ईद का उत्साह और भाईचारे का सुंदर संदेश देखने को मिला।







