भोपाल की सड़कों पर दौड़ीं ई-बसें, अगस्त से जनता के लिए होगी शुरुआत

भोपाल की सड़कों पर दौड़ीं ई-बसें, अगस्त से जनता के लिए होगी शुरुआत
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल को प्रदूषण मुक्त और आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सौगात मिलने जा रही है। सोमवार सुबह से शहर में इलेक्ट्रिक बसों का 5 दिवसीय ट्रायल रन शुरू हो गया है। पहले दिन बैरागढ़ डिपो से निकली ई-बसें पुराने भोपाल से होते हुए बोर्ड ऑफिस, भोपाल रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 और कोलार के बैरागढ़ चीचली रूट पर चलाई गईं।
अधिकारियों के मुताबिक, ट्रायल के दौरान बसों के संचालन, चार्जिंग क्षमता और रूट के ट्रैफिक दबाव की जांच की जा रही है। इस ड्राय रन के दौरान आम यात्रियों को बैठने की अनुमति नहीं है। भोपाल में अब तक 21 बसें आ चुकी हैं और जल्द ही 20 और नई बसें बेड़े में शामिल होंगी। बैरागढ़ डिपो में 11 चार्जिंग पॉइंट भी तैयार कर लिए गए हैं। यह ट्रायल सफल होने के बाद आगामी अगस्त महीने से शहरवासी इन हाईटेक बसों में सफर का आनंद ले सकेंगे। गौरतलब है कि रविवार को जगदीशपुर में हुई कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्रियों ने इसी ई-बस से सफर कर इसकी शुरुआत के संकेत दे दिए थे।







